पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश के कार्यकारी डीजीपी इकब
- फोटो : 1
सीमावर्ती राज्य पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने के उद्देश्य से पंजाब के कार्यकारी डीजीपी इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने शनिवार को एसएएस नगर स्थित पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता की। डीजीपी ने राज्य के आंतरिक सुरक्षा के मौजूदा हालात की समीक्षा की और त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।
मीटिंग ऐसे समय हुई है, जब राज्य में हैंड ग्रेनेड और आरडीएक्स के साथ-साथ टिफिन बमों की बरामदगी हो रही है। आंतरिक सुरक्षा विंग के सीनियर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद डीजीपी ने संतोष जताया कि पंजाब पुलिस आतंकवाद और देश विरोधी ताकतों से निपटने के अलग-अलग ढंग अपनाकर बढ़िया काम कर रही है और कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिति शांतिपूर्ण है और पंजाब पुलिस किसी भी चुनौती के लिए तैयार है। डीजीपी सहोता ने त्योहारों के चलते इंटेलिजेंस अधिकारियों को 24-घंटे चौकस रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की आज्ञा न दी जाए और यदि कोई भी व्यक्ति हिंसक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तुरंत केस दर्ज किया जाए। डीजीपी सहोता ने पंजाब के लोगों को भी सचेत रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि उनको रेल, बसों या रैस्टोरेंटों सहित कहीं भी कोई संदिग्ध या लावारिस वस्तु के बारे में पता चलता है तो तुरंत पुलिस को 112 या 181 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी जाए। इस दौरान एडीजीपी वरिन्दर कुमार, एडीजीपी (आंतरिक सुरक्षा) आरएन ढोके और एडीजीपी (कांउटर इंटेलिजेंस और ओसीसीयू) अमित प्रसाद भी शामिल थे।