पंचकूला। पल्स पोलियो राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (एनआईडी) के तहत 27-28 फरवरी और 1 मार्च को जिले में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए, ताकि इस आयु वर्ग का जिला में कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उक्त आदेश उपायुक्त महावीर कौशिक ने दिए हैं। उपायुक्त का कहना है कि जिले में 5 आयुवर्ग के 70,603 बच्चे हैं, जिनमें 41,775 ग्रामीण क्षेत्र और 28,828 बच्चे शहरी क्षेत्र के शामिल हैं।
उपायुक्त महावीर कौशिक शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में पल्स पोलियो राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (एनआईडी) फरवरी 2022 राउंड के लिए गठित जिला टास्क फोर्स की आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है ताकि बच्चे इस भयानक बीमारी से बचे रहें। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट-भट्ठों, पोल्ट्री फार्म, क्रैशर जोन व फैक्ट्री में रहने वाले बच्चों को भी इस अभियान के तहत कवर किया जाए ताकि जिले में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित ना रहे। बैठक में बताया गया कि डब्ल्यूएचओ द्वारा वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त राष्ट्र घोषित किया जा चुका है।
इन क्षेत्रों में पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
इंदिरा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, बूढ़नपुर, हरिपुर, अभयपुर, फतेहपुर और कुंडी, सकेतड़ी, भैंसा टिब्बा, नाडा, आशियाना सेक्टर-19, 20, 28, 26, औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 व 2 और सेक्टर-19 में पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बैठक में एसडीएम पंचकूला ऋचा राठी, एसडीएम कालका रुचि सिंह बेदी, एसीपी ममता सौदा, तहसीलदार पुण्यदीप शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार, डिप्टी सीएमओ मीनू सासन, डॉ. शिवानी, डॉ. राजीव नरवाल, डीएफएससी नीरज शर्मा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।