उद्यमियों से उद्योग आधार करवाया रजिस्ट्रेशन
- फोटो : अमर उजाला
पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंचकूला द्वारा उद्यमियों को उद्योग आधार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए एमएसएमई जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंचकूला सेक्टर-8 स्थित एक होटल में किया गया, जिसमें पंचकूला अंबाला के पुलिस कमिश्नर डॉक्टर आरसी मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। इस मौके पर उन्होंने पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंचकूला के अध्यक्ष विष्णु गोयल और अन्य उद्यमियों के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से पुलिस और इंडस्ट्री के तालमेल से क्राइम कंट्रोल हो सकता है।
एमएसएमई जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मौजूद नेशनल स्माल इंडस्ट्रियल कारपोरेशन के ब्रांच हेड प्रदीप कुमार ने उद्योग आधार रजिस्ट्रेशन के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि उद्योग आधार रजिस्ट्रेशन का एकदम साधारण ढंग है। जिसके अंतर्गत सिर्फ आधार नंबर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन होता है। इसका लाभ यह होता है कि उद्यमियों को दफ्तर के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं। उन्होंने ट्रायल के आधार पर कुछ उद्यमियों का उद्योग आधार रजिस्ट्रेशन करवाया।
इस मौके पर पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विष्णु गोयल ने कहा कि यह काफी सरल प्रक्रिया है जिसको हरेक उद्यमी को फालो करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चैंबर द्वारा इंडस्ट्री के लिए समय समय पर ऐसे जागरूकता अभियान चलाए जाते रहेंगे। इस मौके पर रजनीश गर्ग, सतीश गुप्ता, दीपक शर्मा, सीबी गोयल और अन्य पदाधिकारी के साथ रिलायंस निपुण इंश्योरेंस के जोनल हेड राकेश सिंह और लोकल रिलेशन अधिकारी पूनम गुप्ता मौजूद रहीं।