पिंजौर। गांव खोल मोला में एक बुजुर्ग के सिर पर डंडा मारकर उसकी हत्या करने का मामला पुलिस ने दर्ज किया है। बुजुर्ग के बेटे तरसेम सिंह ने गांव के ही बबली पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है। शुक्रवार अल सुबह उसने वारदात को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता तरसेम सिंह निवासी गांव खोल मोला ने बताया कि वह शादीशुदा है। अपने बच्चों सहित गांव में रहता है, जबकि उसके बुजुर्ग माता -पिता खेत में बने दो कमरों के मकान में रहते हैं। वीरवार रात करीब 8 बजे वह अपने माता - पिता को खाना देकर घर वापस आ गया। शुक्रवार सुबह जब वह अपने माता -पिता को चाय देने के लिए खेत में पहुंचा तो देखा कि उसके पिता शंकर सिंह चारपाई पर पड़े थे। नीचे फर्श पर खून बिखरा पड़ा था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उसने अपनी माता से पूछा तो उसने बताया कि रात करीब तीन बजे बबली निवासी गांव खोल मोला उसके पिता शंकर के पास आया था। बबली ने शंकर के साथ मारपीट कर उसके सिर में डंडा मार दिया और मौके से भाग गया। तरसेम ने बताया कि एक दिन पहले उसके माता-पिता बैंक से अपनी बुढ़ापा पेंशन लेकर आए थे। उनके पैसे भी नहीं मिल रहे हैं। तरसेम सिंह ने आरोप लगाया है कि पैसे के लिए बबली ने उसके पिता की हत्या की है। चौकी इंचार्ज जिले सिंह का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।