पंचकूला। पंचकूला वासियों को जल्द ही रोजमर्रा की नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए एक ही मोबाइल एप मिलने जा रहा है। कचरे के ढेर, झाड़ू न लगना, पेड़ों की छंटाई, टूटी या गंदी रोड गली और सड़कों पर गड्ढों जैसी शिकायतों का निस्तारण अब इसी एप के जरिए होगा। नगर निगम ने एप बनाने का काम शुरू कर दिया है, हालांकि अभी इसका नाम तय नहीं हुआ है।
नगर निगम आयुक्त विनय कुमार का कहना है कि करीब दो सप्ताह में इसे लॉन्च करने की उम्मीद है। कहा कि हम ऐसा सिस्टम चाहते थे, जिससे शिकायतकर्ता के लिए शिकायत करना आसान हो और हमारे लिए भी उसके समाधान को ट्रैक करना आसान हो। इस एप से लोग सिर्फ समस्या की फोटो खींचकर पोस्ट कर सकेंगे और उसका समयबद्ध तरीके से समाधान होगा। निगम फिलहाल शिकायतों का समाधान कर पहले और बाद की तस्वीरें पोस्ट कर रहा है। इस एप के आने से शिकायत और समाधान दोनों के लिए एक साझा मंच मिलेगा, जहां संबंधित कर्मचारी द्वारा समाधान की तस्वीर भी पोस्ट की जाएगी।
आंतरिक व्यवस्था में भी बदलाव
ऐप के साथ-साथ निगम ने आंतरिक व्यवस्था में भी बदलाव किया है। सफाई को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आती हैं। पहले एक निश्चित क्षेत्र में आठ सफाई कर्मी ड्यूटी पर होते थे, लेकिन यह तय नहीं था कि कौन सा कर्मचारी किस प्वाइंट की सफाई करेगा। अब जवाबदेही और बेहतर परिणाम के लिए किलोमीटर के हिसाब से बीट तय कर दी गई है।
आयुक्त खुद फील्ड में
निगम ने स्वच्छता मानकों में सुधार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने पर फोकस करते हुए सुबह के समय फील्ड निरीक्षण भी तेज कर दिया है। आयुक्त खुद फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि एप शुरू होने के बाद निरीक्षण में लगने वाला अधिकांश समय बचेगा, क्योंकि पूरे शहर की ऑनलाइन ट्रैकिंग हो सकेगी।