रायपुररानी। गांव मानकटबरा में श्मशान घाट के पास मंगलवार रात कार सवार युवकों ने मनीष वालिया नामक युवक से मारपीट की और उसके पास मौजूद 2 लाख रुपए लूटकर भाग गए।
मनीष वालिया पुत्र रूपचंद निवासी मानकटबरा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात को वह अपने घर से बाहर जा रहा था, तभी कार सवार कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। मनीष के मुताबिक उसे बुरी तरह पीटा गया और मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से दो लाख रुपए भी निकाल लिए। यह रकम उसने खुद के व्यवसाय के लिए रख रखी थी।
घटना के बाद मनीष की हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां उसे प्राथमिक उपचार देकर नागरिक अस्पताल पंचकूला रेफर कर दिया गया। पीड़ित युवक के परिजनों ने इस घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दी।
थानाध्यक्ष सोमवीर ढाका ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।