पंचकूला। जिले में रोजाना चार से पांच मामले कोरोना संक्रमितों के सामने आने लगे हैं। शनिवार को 1711 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए थे, जिनमें तीन नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें सेक्टर-7 की 50 वर्षीय महिला, सेक्टर-17 के 26 वर्षीय व्यक्ति और सेक्टर-6 का 33 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। वहीं पंचकूला में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 29 पहुंच गई है। इसके अलावा अब तक जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 40576 और पंचकूला में 30865 पहुंच गया है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 379 है।
पहले से दूसरे डोज में 120459 का अंतर
कोरोना वैक्सीनेश की रफ्तार स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर तेज कर दिया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 2673 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इसमें पहले डोज वाले 480 और दूसरे डोज वाले 2193 लोग शामिल हैं। वहीं दोनों डोजों के आंकड़ों में 120459 का अंतर है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की ओर से लोगों से कोरोना वैक्सीनेशन की अपील की जा रही है।
योगराज सिंह ने की दूसरी डोज लगवाने की अपील
किसानों के समर्थन में चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर पहुंचे पूर्व क्रिकेटर और अभिनेता योगराज सिंह ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए जिले के लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि दूसरी डोज के पात्र सभी व्यक्ति कोरोना वैक्सीन का टीका अवश्य लगवाएं। दोनों डोज लगने के बाद ही कोरोना से सुरक्षित हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले भर में कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आपकी एक पहल से आपकी, आपके परिवार और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित हो सकती है और इस संक्रमण को रोका जा सकता है।