हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने गायनी, जनरल, महिला वार्ड, लेबर रूम, ओपीडी, कॉर्डियोलॉजी का किया दौरा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की समस्याओं और मरीजों-तीमारदारों की परेशानियों को देखकर हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने नाराजगी प्रकट कर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने गायनी वार्ड, लेबर रूम, ओपीडी, कॉर्डियोलॉजी, जनरल वार्ड, महिला वार्ड का दौरा कर सभी वार्डों में शौचालयों की सफाई करवाकर दुरुस्त करने को कहा। हॉर्ट सेंटर में जमीन पर बैठी महिला मरीज को देखकर उन्होंने नाराजगी प्रकट कर कहा कि अगर कोई महिला बेंच और कुर्सी पर नहीं बैठ पा रही है तो उनके लिए अस्पताल में दरी बिछवाने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
इसके अलावा अन्य जगह पर रखे सामान को बाहर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हार्ट सेंटर में तैनात स्टाफ को हिदायत भी दी। उन्होंने सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंदर सिंह सहित पूरी टीम को सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों को स्ट्रेचर, व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन को इसकी भी व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने गायनी वार्ड और लेबर रूम सहित सभी जगह सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंदर सिंह, गायनी की एचओडी डॉ. संगीता सिंघल, डॉ. पायल सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने चेतावनी देकर कहा कि अगर अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था में सुधार हुआ कि नहीं दोबारा चेकिंग की जाएगी। उन्होंने डॉक्टरों की तैनाती की भी चेकिंग की। इस दौरान ओपीडी और इमरजेंसी में डॉक्टर तैनात रहे। उन्होंने सीएमओ और पीएमओ को निर्देश दिए कि मरीजों को बुखार सहित अन्य बीमारी की दवा बाहर से नहीं दी जाए। जांच समय पर की जाए और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।
महिलाओं के न्याय के लिए काम करना हमारी प्राथमिकता
हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल ने कहा कि सरकार विशेषकर महिलाओं को लेकर बहुत संवेदनशील है। इसके लिए विभागों में उत्पीड़न कमेटियों का गठन किया गया है। यदि कोई महिलाकर्मियों को प्रताड़ित करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। महिलाओं से अपील है कि वह किसी भी अत्याचार के प्रति नहीं झुके। वह शिकायत दें। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में सभी वार्डों और ओपीडी की जांच की गई है। मरीजों से हालचाल भी जाना है। सभी वार्डों में टॉयलेट और वार्डों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। इसकी दोबारा जांच की जाएगी। इसमें दोबारा खामियां मिलीं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सोनिया अग्रवाल, उपाध्यक्ष, हरियाणा राज्य महिला आयोग
अस्पताल की सभी वार्डों की जांच हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम ने की है। टीम ने जो भी निर्देश दिए हैं, उनको दुरूस्त किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैयारी की जा रही है। -जितेंदर सिंह, पीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6