संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। विभिन्न सेक्टरों में वीटा बूथ मालिकों द्वारा किए निर्माण एवं कब्जे को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के दस्ते ने शनिवार को जेसीबी से तोड़ दिया। प्राधिकरण के संपदा अधिकारी मानव मलिक की अगुवाई में टीम ने अलग-अलग सेक्टरों में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। वीटा बूथों के आगे लगे साइन बोर्ड को जेसीबी से तोड़ दिया गया। सेक्टर-6, 9, 11, 14, 16 और मनसा देवी कॉम्पलेक्स में यह कार्रवाई की गई।
एचएसवीपी के संपदा अधिकारी मानव मलिक ने बताया कि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा 12 मई 2023 को वीटा बूथों के के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा था। एचएसवीपी और नगर निगम की आयोजित संयुक्त बैठक में इस बारे में निर्देश दिए गए। बूथ मालिकों ने आवंटित क्षेत्र से अधिक कब्जा किया हुआ है। इसके अलावा बूथों में वीटा के अलावा अन्य वस्तुओं को भी बेचा जा रहा है। इसलिए एचएसवीपी की टीम ने शनिवार को यह कार्रवाई की है। बता दें कि शहर में जगह-जगह सरकारी जमीन, पार्क व ग्रीन बेल्ट में वीटा के बूथ लगे हैं। हैरानी की बात है कि इन वीटा बूथों के नाम पर सभी प्रकार के उत्पादों की बिक्री होती है।