पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-20 स्थित गोपाल स्वीट्स के शोरूम को रिज्यूम करने के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई विभाग ने अलॉटी के खिलाफ आर्किटेक्चरल कंट्रोल का उल्लंघन कर शोरूम के फ्रंट में बनाए गए छज्जा टाइप फसाड को न हटाने पर की है। इस्टेट ऑफिसर के समक्ष फाइनल हियरिंग थी। अलॉटी की ओर से पेश हुए प्रतिनिधि ने फसाड हटाने के लिए 4-6 महीने का समय मांगा, लेकिन संपदा अधिकारी ने यह कहते हुए समय देने से मनाकर दिया कि पहले कई नोटिस व मौके दिए गए। लेकिन अलॉटी से कोई रिस्पांड नहीं किया गया।
एचएसवीपी की ओर से पहला नोटिस 15 फरवरी 2019 और छठा नोटिस 26 फरवरी को दिया गया था। अलॉटी का प्रतिनिधि इस्टेट ऑफिसर के समक्ष 18 मार्च को पेश हुआ था। इसमें इस्टेट ऑफिसर ने फैसला सुनाते हुए शोरूम को रिज्यूम करने का आदेश दिया है। गोपाल स्वीट्स के अलॉटी ने अपने यहां शो के लिए जो फसाड कई साल से बना रखा है, जोकि नियमों का खुला उल्लंघन है।
मसला यह है कि यदि किसी कारण से शोरूम की पहली या दूसरी मंजिल पर आग जैसी कोई अप्रिय घटना हो जाए तो फायर ब्रिगेड को पानी गिराने से लेकर बचाव कार्य के लिए रास्ता नहीं मिलेगा। शोरूम के विंडो को कवर कर ऊपर छज्जा टाइप फसाड बना लिया गया है।
कई साल पहले सेक्टर-11 में कैनम प्लाजा के नजदीक एक फोटोग्राफर के शोरूम में आग लग गई थी और माथे पर लगे बोर्ड को हटाने में काफी समय लग गया था। भीतर पानी गिराने के लिए और कोई रास्ता ही नहीं मिल रहा था। दूसरी तरफ गोपाल स्वीट्स ने अपने बचाव में इस्टेट आफिस को नोटिस के जवाब में यह भी तर्क दिया उन्होंने ही नहीं नियमों का उल्लंघन किया है बल्कि शहर में कई शोरूम संचालकों ने कर रखा है। इस पर एचएसवीपी कभी भी बड़ी कार्रवाई कर सकता है।
कई नोटिस दिए पर अलॉटी ने रिस्पांड नहीं किया : इस्टेट ऑफिसर
सेक्टर-6 स्थित एचएसवीपी की इस्टेट ऑफिसर ममता शर्मा ने बताया कि सेक्टर-20 स्थित गोपाल स्वीट्स को रिज्यूम करने के आदेश जारी किए गए हैं। फाइनल हियरिंग के दौरान अलॉटी की तरफ से पेश हुए प्रतिनिधि ने नियमों के खिलाफ बनाए गए फसाड को हटाने के लिए 4-6 महीने का समय मांगा, जो देने से मना कर दिया। पहले भी कई नोटिस दिए गए पर अलॉटी ने रिस्पांड नहीं किया।