चंडीगढ़। कोरोना के खौफ के बीच दो माह तक मंडी व राशन की दुकानें बंद होने का मैसेज वायरल हो गया। हालात यह हो गए कि वीरवार को सेक्टर 26 मंडी में हुजूम उमड़ पड़ा। राशन की दुकानों पर लंबी कतारें लग गईं। ज्यादातर ऑफिसों में काम करने वाले लोग भी दिन में ही खरीददारी करने निकल गए।
एडवाइजर मनोज परिदा ने पहले ही सूचित किया था कि न मंडियां बंद होंगी और न राशन की दुकानों पर सामान कम पड़ेगा। लेकिन अफवाहों ने लोगों की हालत खराब कर दी। यही वजह रही कि लोग एक साथ पांच से दस किलो तक सब्जियां घर ले गए। कीमतें भी काफी बढ़ गईं। उधर, राशन दुकानदार लोगों को बता रहे थे कि शहर में पूरा स्टॉक है। घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे।
सेक्टर 26 में सड़क पर लगा रहा जाम
काफी संख्या में लोग दो माह तक का सामान एक साथ लेने के लिए सेक्टर 26 मंडी पहुंचे थे। दिन भर सड़क पर हालात यह थे कि स्लिप रोड और साइकिल ट्रैक पर लोगों ने गाड़ियां खड़ी कर दी थीं। निकलने को जगह नहीं थी, इस कारण काफी जाम भी लग रहा था। रात 10 बजे तक सेक्टर 26 मंडी के पास ऐसे ही हालात रहे।
भीड़ को देख दुकानदारों ने बढ़ाए दाम
मंडी में सुबह से ही लोगों की भीड़ को देख दुकानदारों ने सब्जियों और फलों के दाम में 20 से 25 प्रतिशत तक का इजाफा कर दिया। वहीं राशन की दुकानों पर भी भाव बढ़ा दिए। वीरवार को दुकानदारों ने सब्जियों और दालों के दाम में इजाफा कर दिया। यह जानकारी जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो प्रशासनिक अधिकारियों ने भी तत्काल दिशा-निर्देश जारी कर दिए। एसडीएम सेंट्रल नाजुक कुमार ने कहा कि अधिक दाम पर सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समय-समय पर चेक किया जाएगा।