पंचकूला। एमडीसी क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले में मृतका मीना का अंतिम संस्कार घटना के तीसरे दिन सोमवार शाम को किया गया। पुलिस की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया।
इससे पहले दोपहर करीब 2 बजे तक परिजन और स्थानीय लोग एमडीसी की गांधी कॉलोनी के सामने सड़क पर प्रदर्शन करते रहे। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के समय गाड़ी में एक से अधिक लोग सवार थे, फिर भी पुलिस ने केवल ड्राइवर को ही गिरफ्तार किया है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि कानून के अनुसार जो संभव कार्रवाई थी, वह की जा चुकी है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आगे भी उनकी बात सुनी जाएगी, जिसके बाद परिवार ने शाम करीब 4 बजे अंतिम संस्कार किया। मीना अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। उनके पति कुछ साल पहले परिवार को छोड़ चुके हैं।
गौरतलब है कि 1 मई की रात एमडीसी सेक्टर-4 में एक सरकारी गाड़ी के ड्राइवर ने गांधी कॉलोनी की करीब 12 महिलाओं को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कई महिलाएं घायल हुईं, जिनमें से मीना की मौत हो गई।