पंचकूला। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच की टीम ने हेरोइन तस्करी करने के आरोपी जीरकपुर निवासी शगुन चावला को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली था कि आरोपी हेरोइन तस्करी का काम करता है और बुधवार को पंचकूला स्थित इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के पास हेरोइन सप्लाई करने आएगा।
इस आधार पर टीम ने घेराबंदी करके आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। तस्कर की तलाशी लेने पर 8.33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ करने पर आरोपी कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका। वीरवार को कोर्ट में पेश करने पर अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
सब इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में हेरोइन तस्करी के मुख्य आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज किया गया था। तस्करी को रोकने के लिए लगातार टीमें दबिश दे रही हैं।