पंचकूला। अंतरविभागीय राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन पर शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम हरियाणा उच्च शिक्षा निदेशालय के तत्वावधान में सेक्टर -1 कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेक्टर-1 कालेज की प्रिंसिपल डॉ. अर्चना मिश्रा ने की। टूर्नामेंट में हरियाणा सचिवालय की टीम विजेता रही। सिंचाई विभाग और उच्चतर शिक्षा विभाग की टीमें क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता टीम को ट्राफी, मेडल, प्रमाणपत्र सहित इक्कीस हजार रुपये पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं टूर्नामेंट की उपविजेता टीम को पुरस्कार राशि के रूप में नगद ग्यारह हजार रुपये मिले।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अर्चना मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर सबको बधाई दी। खेल भावना की महत्ता पर प्रकाश डालते उन्होंने कहा कि खेल जीवन को बेहतर बनाते हैं। कार्यक्रम में शिरकत करने आए बतौर मुख्य अतिथि ज्ञानचंद गुप्ता ने शारीरिक स्वास्थ्य की आवश्यकता पर जोर दिया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में गवर्नमेंट पीजी कॉलेज सेक्टर -1 पंचकूला, एचएसआईडीसी, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट, हेल्थ डिपार्टमेंट, जेल विभाग, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर, सप्लाई एंड डिस्पोजल डिपार्टमेंट और स्पोर्ट्स विभाग को सहभागिता के लिए ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सेक्टर-1 कॉलेज के प्रोफेसर दीपक कुमार द्वारा टूर्नामेंट की एकमात्र हैट्रिक के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में टूर्नामेंट के नोडल अफसर प्रो. कुलदीप बेनीवाल ने टूर्नामेंट की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन प्रो कुलदीप थिंद ने किया। समापन समारोह में अरुणा आसफ अली कॉलेज, कालका की प्रिंसिपल डॉ. कुसुम आद्या एवं उच्च शिक्षा विभाग के उप निदेशक डॉ. हेमंत शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।