चंडीगढ़। हरियाणा ने एक बड़ी छलांग लगाते हुए ‘लॉजिस्टिक्स इज अक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स (लीड्स) 2021’ रिपोर्ट में दूसरा स्थान हासिल किया है। यह रिपोर्ट हाल ही में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तत्वावधान में वाणिज्य विभाग द्वारा जारी की गई है। वर्ष 2019 में हरियाणा इस रिपोर्ट में छठे स्थान पर था।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई ‘लॉजिस्टिक्स, वेयर हाउसिंग एंड रिटेल पॉलिसी-2019’ प्रदेश में रसद पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार के लिए उठाए गए सबसे महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। उन्होंने कहा कि उक्त रिपोर्ट में हरियाणा ने शीर्ष तीन रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है।
राज्य ने वेयरहाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की गुणवत्ता, परिवहन के दौरान कार्गो डिलीवरी की समयबद्धता, संचालन और नियामक पर्यावरण और नियामक सेवाओं की दक्षता जैसे कई संकेतकों के लिए उच्चतम स्कोर हासिल किया है। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी बताया है कि देश में पीएफटी के निजी फ्रेट टर्मिनल की अधिकतम संख्या 9 है जो कि हरियाणा में अधिकतम 3 हैं जो किसी भी प्रदेश में सर्वाधिक हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा वेयर हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स पार्क और इंटीग्रेटेड/मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्कों की स्थापना के लिए 5 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक की पूंजी और ब्याज सब्सिडी प्रदान की जाती है।