पंचकूला। जिले में राजकीय विद्यालयों की कक्षा चार से आठवीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन 24 अक्तूबर से करवाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 24 से 31 अक्तूबर तक करवाई जाएगी। सभी स्कूलों में प्रश्न पत्र पहुंच गए हैं।
पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर ये परीक्षाएं अब त्योहारों के बाद शुरू की जाएंगी। ये परीक्षाएं जिले के 425 स्कूलों में करवाई जा रही हैं।
इन दिनों होगी इस विषय की परीक्षा
निदेशालय की ओर से जारी डेटशीट में 24 अक्तूबर को चौथी, पांचवीं का पहला पेपर अंग्रेजी का होगा। सातवीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा होगी। छठी की सामाजिक विज्ञान और आठवीं की ड्राइंग, संगीत गृहविज्ञान की परीक्षा होगी। 25 अक्तूबर को चौथी व पांचवीं की हिंदी, छठी की गणित, सातवीं की ड्राइंग, संगीत और आठवीं की विज्ञान विषय की परीक्षा पेपर होगी।
26 अक्तूबर को रविवार का अवकाश रहेगा। 27 अक्तूबर को चौथी, पांचवीं व आठवीं गणित विषय की परीक्षा होनी है। छठी की हिंदी और सातवीं की अंग्रेजी की परीक्षा ली जाएगी।
निदेशालय ने चौथी से आठवीं कक्षा की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन स्कूल स्तर पर किया जा रहा है। इसके लिए सभी स्कूल प्रिंसिपल को परीक्षा सही तरीके से करवाने का पत्र भी जारी किया गया है। इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।
- संध्या मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला शिक्षा विभाग