चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत 5000 कंप्यूटर पेशेवरों का बेसिक वेतनमान बढ़ा दिया है। इसके साथ ही 20 छुट्टियां, चिकित्सा-एलटीसी सुविधा और 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट देने का भी निर्णय लिया है। मनोहर लाल सरकार ने वीरवार देर शाम इसका पत्र जारी कर दिया। देय लाभ पहली अप्रैल 2020 से लागू होंगे। इंक्रीमेंट व बेसिक वेतनमान में 3 साल बाद बढ़ोतरी हुई है।
कंप्यूटर पेशेवरों को अब साल में 10 मेडिकल व दस आकस्मिक अवकाश मिलेंगे। दो श्रेणियों को इन निर्णय का लाभ मिलेगा। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर, जूनियर प्रोग्रामर, डेस्कटॉप पब्लिशिंग ऑपरेटर, डाटा एंट्री जूनियर एनालिस्ट व नेटवर्क असिस्टेंट शामिल हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर व उनके समकक्ष कंप्यूटर पेशेवरों का बेसिक वेतनमान 13500 से बढ़कर 18000 हो गया है। इनमें 3,5,8 वर्ष के अनुभव की श्रेणियां शामिल हैं, जिनका बेसिक वेतनमान 18000, 185000 व 19000 होगा। जूनियर प्रोग्रामर व उनके समकक्ष पेशेवरों का वेतनमान 20 हजार से बढ़कर 22 हजार रुपये हो गया है। इनमें भी अनुभव की 23, 5, 8 साल की श्रेणियां हैं, जिनका वेतनमान 22000, 24000 व 26000 होगा। तीन साल से रुका हुआ इंक्रीमेंट भी मिलेगा।
भारतीय मजदूर संघ एवं हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व एवं हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के संयुक्त प्रयासों से वेतनमान बढ़ोतरी की फाइल वीरवार को मंजूर हुई। यह लंबे समय से प्रशासनिक कारणों से रुकी हुई थी। हरियाणा राज्य कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के प्रदेश महामंत्री हवा सिंह तंवर ने भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष वेद प्रकाश सैनी, प्रदेश महामंत्री हनुमान गोदारा और हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण पाल गुर्जर का आभार जताया है। कृष्णपाल गुर्जर ने कंप्यूटर पेशेवरों को बधाई दी है।