पंचकूला। रामगढ़ में हरप्रीत सिंह उर्फ बिंदर की आत्महत्या मामले में चंडी मंदिर पुलिस ने दो महिलाओं पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बहन की शिकायत पर पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने हरप्रीत के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बिसरा मधुबन लैब जांच के लिए भेजा है। जांच के बाद अगर कोई सबूत मिलेगा तो महिलाओं की जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
हरप्रीत की बहन मंजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि भाई हरप्रीत के साथ उसकी पत्नी ममता मारपीट करती थी। उसका साथ रामगढ़ में रहने वाली एक महिला अम्मा देती थी। इस वजह से उसका भाई परेशान रहता था। मंजीत कौर ने बताया कि भाई की दिल्ली में एक प्रॉपर्टी थी। उस पर उसे बेचने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उसकी पत्नी उस प्रॉपर्टी को बेचकर रुपये लेना चाहती थी। इस वजह से दोनों में झगड़ा होता रहता था। मंजीत कौर ने लिखित बयान में आरोप लगाया है कि उसके भाई की हत्या की गई है। वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। वह इतना कमजोर नहीं था। चंडी मंदिर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक हरप्रीत सिंह के घर की दीवार पर लिखा है कि उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी ममता और अम्मा (दूसरी औरत) जिम्मेदार है। पुलिस हरप्रीत की लिखावट की जांच भी फोरेंसिक टीम से करवा रही है। हरप्रीत की मधुबन से सैंपल रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से अपनी जांच कर रही है।