सेक्टर-7 मार्केट में डरावनी ड्रेस, नकाब और एक्सेसरीज की बढ़ी मांग
पंचकूला। 31 अक्तूबर को मनाए जाने वाले हैलोवीन डे को लेकर पंचकूला के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सेक्टर-7 की मुख्य मार्केट में त्योहार की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर बच्चों और युवाओं में इसका उत्साह देखने को मिल रहा है। मार्केट में दुकानों पर हैलोवीन थीम से जुड़ी सामग्री सजाई गई है। भूतों और पिशाचों की डरावनी ड्रेस, अजीबोगरीब नकाब और अन्य एक्सेसरीज बच्चों व महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, ट्राइसिटी में पिछले कुछ वर्षों से हैलोवीन मनाने का चलन बढ़ा है। स्कूलों और थीम पार्टियों के चलते इन सामानों की मांग बढ़ रही है।
दो हजार साल पुरानी परंपरा से जुड़ा है त्योहार
हैलोवीन की शुरुआत प्राचीन सेल्टिक संस्कृति के समाहिन त्योहार से मानी जाती है। मान्यता थी कि 31 अक्तूबर की रात जीवित और मृत लोगों की दुनिया के बीच की सीमा धुंधली हो जाती है। बुरी आत्माओं से बचने के लिए लोग डरावने रूप धारण करते और अलाव जलाते थे। समय के साथ यह परंपरा आधुनिक हैलोवीन उत्सव में बदल गई।