चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने डीएपी की कीमतों को लेकर फैली भ्रम की स्थिति की तरफ सरकार का ध्यान दिलाया है। हुड्डा ने कहा कि सरकार ने पहले डीएपी की कीमतें बढ़ाई और फिर उन्हें वापस लेने का एलान कर दिया। इस बीच बड़ी तादाद में किसानों और दुकानदारों को बढ़ी हुई कीमतों पर खाद खरीदनी पड़ी। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वे उन किसानों और दुकानदारों को हुए नुकसान की भरपाई करे, जिन्होंने पिछले दिनों ऊंचे रेट पर खाद खरीदी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंदी, महामारी और महंगाई के इस दौर में किसानों की तरफ विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सरकार को ऐसी नीतियां अपनानी चाहिए जिससे खेती की लागत कम हो। इसका सीधा फायदा आम जनता और देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा। क्योंकि, आर्थिक मंदी के इस दौर में सिर्फ खेती ही है जो अर्थव्यवस्था को संभालने का माद्दा रखती है। इसलिए सरकार को अत्यधिक बढ़ी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कटौती कर किसानों को राहत पहुंचानी चाहिए।