चंडीगढ़। हरियाणा में नशा तस्करी समाप्त करने के लिए सरकार ने बड़ी कार्ययोजना बनाई है। सूबे के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने तस्करों को हरियाणा छोड़ने की नसीहत दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो का एक्शन प्लान बताया। इस अवसर पर गृह मंत्री अनिल विज भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए ग्राम, वार्ड, कलस्टर, सब-डिवीजन, जिला व राज्य मिशन टीमों का गठन किया है। शिक्षण संस्थानों को भी इस बुराई से बचाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। टीमों का गठन मार्च के अंत तक किया जाएगा और इसमें 5 स्थानीय प्रतिनिधि और 5 अधिकारी शामिल होंगे। जल्द ही पूरे राज्य में नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
2,746 मामले दर्ज और 3,975 आरोपी गिरफ्तार
मनोहर लाल ने कहा कि पिछले एक साल में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और हरियाणा पुलिस ने 2,746 अभियोग दर्ज किए हैं और 3,975 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 29.13 किलो हेरोइन, 157.25 किलो चरस, 11,368 किलो गांजा, 356.19 किलो अफीम, 8550 किलो चूरापोस्त और 13 लाख 64 हजार 121 नशीली गोलियां, सिरप इत्यादि जब्त किया है।
जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल्स स्थापित
सीएम ने बताया कि उन्होंने जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल्स स्थापित किए गए हैं। ये सेल्स मादक पदार्थों की सप्लाई चेन की पहचान करने के लिए देश-विदेश की मादक पदार्थ नियंत्रण एजेंसियों के साथ समन्वय करते हैं। ये सेल नशा तस्करों, उनके प्रमुख वित्त पोषकों और मादक पदार्थों के मामलों में गिरफ्तार अपराधियों का डाटाबेस बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ये उन प्रमुख दवा निर्माताओं का रिकॉर्ड रखते हैं, जिनकी दवाओं का उपयोग नशे के लिए किया जा सकता है।
डाटा बैंक तैयार कर रहा हॉक
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा ‘हॉक’ सॉफ्टवेयर और मोबाइल ऐप ‘प्रयास’ के माध्यम से तस्करों, तस्करी में संलिप्त लोगों का डाटा बैंक तैयार किया जा रहा है। जिससे किसी संबंधित तस्कर के बारे में कोई भी सूचना तुरंत प्राप्त कर बिना किसी देरी के कार्रवाई की जा सकेगी। नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा राज्य में नशे की स्थिति एवं कारणों पर विश्ववविद्यालयों के सहयोग से विस्तृत वैज्ञानिक, सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक अध्ययन करवाया जा रहा है।
या तो ड्रग की तस्करी बंद करो, या हरियाणा छोड़ो दो
गृह मंत्री अनिल विज ने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो उन्हें नशा तस्करी बंद करनी होगी नहीं तो उन्हें हरियाणा छोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि ब्यूरो द्वारा नशा पीड़ितों की सहायता और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 90508-91508 जारी किया गया है। जो 24 घंटे खुला रहता है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति नशे से संबंधित सूचना दे सकता है और समाज से बुराई के उन्मूलन में योगदान देकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकता है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।