अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर शहर का नाम रोशन करने वाली 10 शख्सियतों को रविवार को एक कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस-2016 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार समारोह मानव मंगल स्कूल, सेक्टर-11 के ऑडिटोरियम में हुआ।
कार्यक्रम में पंचकूला की डिप्टी कमिश्नर गरिमा मित्तल चीफ गेस्ट रहीं। जबकि स्कूल के डायरेक्टर संदीप सरदाना गेस्ट ऑफ ऑनर थे। फिल्म ‘सरबजीत’ में सरबजीत की बड़ी बेटी का रोल अदा करने वाली एक्ट्रेस शिवानी सैनी ने विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शिरकत कीं।
प्रणय मीडिया की ज्यूरी की ओर से पंचकूला व आसपास के एरिया से अवार्ड के लिए 10 शख्सियतों का चयन किया गया। इनमें डिफेंस से मरणोपरांत शहीद संदीप सागर, एनजीओ से पंचकूला लेडीज टैलेंट सर्च क्लब की दीक्षा शर्मा व निर्मला शर्मा, एजुकेशन में सविता कोदान, हेल्थ क्षेत्र से डॉ. शिल्पा जैन, आर्ट एंड कल्चर से मनीष बीसी, स्पोर्ट्स से मानव मंगल स्कूल के छात्र निखिल कुमार, स्वरोजगार के लिए श्वेता गुलाटी, यंग अचीवर कैटेगरी में सुनील कुमार, सोशल इम्पॉवरमेंट में नरिंदर आहुजा, आदर्श गांव के लिए सरपंच सुनील कुमार को सम्मानित किया गया।
प्रणय मीडिया के प्रोजेक्ट हेड संजीव राणा के मुताबिक चंडीगढ़ और पंजाब में हुए कार्यक्रमों के तहत समाजसेवा, कला-संस्कृति, शिक्षा व अन्य कई वर्गों के लिए लोगों को सम्मानित किया जा चुका है। चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर और पटियाला जैसे शहरों में पुरस्कार समारोह करवाया जा चुका है। इस समारोह के जरिए उनकी प्रतिभा को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर संवाद थिएटर ग्रुप की ओर से वो हिंदुस्तान ड्रामा भी पेश किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मानव मंगल स्कूल के स्टूडेंट्स की ओर से गणेश वंदना से हुई। स्कूल स्टूडेंट्स ने कल्चरल प्रोग्राम भी पेश किया। डीसी डॉ. गरिमा मित्तल ने प्रणय मीडिया की ओर से समाज के उत्थान में जुड़े लोगों को सम्मानित करने की सराहना की। शिवानी सैनी ने भी कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि इससे समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।