पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स (टीडीएलएससी) अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनने जा रहा है। इसे 5 से 14 फरवरी 2022 में होने वाले खेलो इंडिया को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। साल-2021 में खेलों की आधारभूत संरचना से जुड़ी तीन बड़ी सौगात मिली हैं। इनमें नया सिंथेटिक ट्रैक, हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड और वार्मअप ट्रैक शामिल हैं। 31 दिसंबर 2021 तक तीनों प्रोजेक्ट फाइनल स्टेज पर हैं। बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल के इंडोर ग्राउंड का काम अभी चल रहा है, जो नए साल में पूरा किया जाएगा।
आठ लेन का सिंथेटिक ट्रैक तैयार
इस साल सेक्टर-3 के टीडीएलएससी में एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों के लिए आठ लेन का 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया गया है। इस पर करीब 8 करोड़ 47 लाख 22 हजार 143 रुपये खर्च आया है। खिलाड़ियों के वार्मअप के लिए 100 मीटर का एक अलग से सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया गया है, जहां खिलाड़ी वार्मअप होंगे। यह ट्रैक नीले रंग का है। बता दें कि इस ट्रैक पर प्रैक्टिस के लिए रोजाना आने वाले खिलाड़ियों की संख्या 250 से ज्यादा है।
हॉकी का एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड तैयार
अभी तक पंचकूला में हॉकी के खिलाड़ियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना तैयार नहीं थे। इस कारण वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हॉकी का एस्ट्रोटर्फ तैयार हो गया है। यहां खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत संरचना मिलेगी। यह ग्राउंड करीब 6 करोड़ 71 लाख 88 हजार 234 रुपये में तैयार किया गया है। हॉकी कोच मीना ने बताया कि पंचकूला में करीब 40 हॉकी के खिलाड़ी हैं, वह तीन साल से खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रही हैं। यहां ग्राउंड नहीं होने की वजह से उन्हें पंचकूला सेक्टर-7 में तैयारी करवाती हैं, लेकिन हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के प्रयासों के बाद हॉकी के खिलाड़ियों को एक नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल ग्राउंड मिलने जा रहा है।
बॉस्केटबॉल-वॉलीबॉल के इंडोर ग्राउंड नए साल में होंगे तैयार
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बॉस्केटबॉल और वॉलीबॉल के ग्राउंड दिसंबर 2021 में पूरे नहीं हो पाए हैं। इनका काम नए साल 2022 में पूरा होगा। यहां दो-दो कोट के अलग-अलग इंडोर हॉल तैयार किए जा रहे हैैं। इस इंडोर ग्राउंड में दो सिंथेटिक ट्रैक भी तैयार किए जाएंगे। इन दोनों प्रोजेक्टों पर करीब 18 करोड़ 20 लाख 22 हजार 400 रुपये खर्च आएगा।