फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुशखबरी : सेक्टर-12ए और 20 पर लगने वाले जाम से मिलेगी निजात, औद्योगिक क्षेत्र से नेशनल हाईवे पर जाने के लिए बनेगा अंडरपास

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। शहरवासियों को जीरकपुर-कालका हाईवे पर सेक्टर-12ए और सेक्टर-20 के पुल पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यहां व्हीकल अंडर पास बनाने की हामी भर ली है। इसके निर्माण पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह रकम हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण वहन करेगा। पंचकूला के विकास कार्यों को लेकर वीरवार को विधानसभा सचिवालय में आयोजित बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही बैठक में तय हुआ कि माता मनसा देवी मंदिर के पास प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की भूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा।
विज्ञापन

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने वीरवार को पंचकूला के विकास कार्यों को लेकर प्रशासन और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में शहर के मेयर कुलभूषण गोयल और डीसी विनय प्रताप भी मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि माता मनसा देवी मंदिर के पास प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की भूमि से अतिक्रमण जल्द से जल्द हटाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन बड़े से बड़ा कदम उठाने से भी गुरेज नहीं करेगा। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि अतिक्रमण के चलते शहर में विकास कार्यों की रफ्तार ढीली नहीं होने दी जाएगी। शहर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण इस क्षेत्र की आवश्यकता है, लेकिन इसके लिए चिह्नित जगह से अतिक्रमण हटाना जरूरी है।
बैठक में जीरकपुर-कालका हाईवे पर सेक्टर 12ए और सेक्टर-20 के पुल के नीचे लगने वाले ट्रैफिक जाम पर विस्तार से चर्चा हुई। इस पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने जानकारी दी। सेक्टर 12ए और औद्योगिक क्षेत्र की सड़क से नेशनल हाईवे पर व्हीकल अंडरपास बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के बात हो गई है। प्राधिकरण जल्द यह निर्माण करवाएगा। इस अंडरपास के बनने से दिल्ली और पटियाला की तरफ जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर-12ए और औद्योगिक क्षेत्र की सड़क से सीधे हाईवे पर चढ़ सकेगा।
विज्ञापन

फिलहाल इस ट्रैफिक को सेक्टर 12ए और सेक्टर-20 के बीच बने पुल से होकर जाना पड़ता है, जिस कारण से यहां रोजाना लंबा जाम लगा रहता है। एचएसपीवी का अनुमान है कि अंडरपास बनने से पुल का ट्रैफिक 40 से 50 फीसदी कम हो जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पंचकूला की सीधी कनेक्टिविटी बनाने के लिए नियो मेट्रो और स्पेशल कॉरिडोर पर भी चर्चा की। यह स्पेशल कॉरिडोर पंचकूला के सेक्टर 17-18 से शुरू होकर रेलवे लाइन के नीचे से गुजरता हुआ मक्खन माजरा और रायपुरखुर्द गांवोें से होता हुआ चंडीगढ़ एयरपोर्ट से जुड़ सकता है।
अतिक्रमण पर जवाबदेही तय, 4 जेई ने सौंपे सर्टिफिकेट
शहर में होने वाले अतिक्रमण के लिए जवाबदेही तय कर दी गई है। इस्टेट ऑफिसर ममता शर्मा ने इस संबंध में वीरवार की बैठक में विस अध्यक्ष को एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंताओं की ओर से सर्टिफिकेट सौंपे। इन प्रमाण पत्रों में कनिष्ठ अभियंताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी स्वीकार कर कहा है कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं है। सेक्टर-23, 24, 25, 26, 27 और 28 की जिम्मेदारी एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता विनोद कुमार की रहेगी।
सेक्टर-9, 10, 11, 15, 16, 17, 20 और 21 में अतिक्रमण पर निगरानी एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता नवीन कुमार रखेंगे। सेक्टर-5, 6, 7, 8, 19 और एमडीसी सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7 के लिए जेई अमित कुमार ने सर्टिफिकेट दिया है। इसी प्रकार सेक्टर-1, 1ए, 2, 3, 4, 12, 12-ए, 31 और 32 से अतिक्रमण की जवाबदेही एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता दर्शन लाल की रहेगी। गौरतलब है कि विस अध्यक्ष गत कई बैठकों में शहर में होने वाले अतिक्रमण की जवाबदेही संबंधित चौकी प्रभारी और एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता की सुनिश्चित करने पर जोर देते रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें