पंचकूला। चार वर्षीय स्कूली बच्ची से दुष्कर्म की वारदात में केवल स्कूल का एक बस चालक ही नहीं, बल्कि दो और लोग शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची से इस घिनौनी वारदात में कुल तीन लोग शामिल हो सकते हैं। अन्य दो आरोपी भी स्कूल की बसों के ड्राइवर ही हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी एवं स्कूल बस के ड्राइवर निरंजन की एक दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने आरोपी के अन्य दो साथियों की भूमिका का पता लगाने और अन्य पहलुओं पर पूछताछ के लिए कोर्ट से उसका रिमांड बढ़ाए जाने की याचिका लगाई। कोर्ट ने पुलिस को आरोपी निरंजन के और पांच दिन के रिमांड को मंजूरी दी है। माना जा रहा है कि आरोपियों ने बच्ची से महज एक बार नहीं, बल्कि कई बार दुष्कर्म किया हो सकता है। फिलहाल पुलिस को सभी मेडिकल रिपोर्ट और सीएफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार भी है। हालांकि, पुलिस वारदात में इस्तेमाल एक स्कूल की बस को कब्जे में ले चुकी है। महिला थाना प्रभारी नेहा चौहान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं, पीड़ित बच्ची फिलहाल अस्पताल में ही उपचाराधीन है।
दर्ज मामले के अनुसार आरोपियों ने वारदात को शुक्रवार को अंजाम दिया था। स्कूल की छुट्टी के बाद आरोपी ने स्कूल बस में ही बच्ची की जिंदगी से खिलवाड़ कर उससे दुष्कर्म कर डाला था। वारदात का पता बच्ची को शौच जाने में परेशानी होने पर लगा था। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।