हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की पहल, तीन दिन में 300 कर्मचारियों व परिजनों की हुई जांच
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में पंचकूला के सफाई कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय जिला स्तरीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सामुदायिक केंद्र सेक्टर-12 में किया गया, जो 19 से 21 जनवरी तक चलेगा।
आयोग के चेयरमैन कृष्ण कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान करीब 300 सफाई कर्मचारियों और उनके परिजनों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में पारस हॉस्पिटल और एमडीसी सेक्टर-5 आई हॉस्पिटल के डॉक्टरों व सहयोगी स्टाफ ने सफाई मित्रों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन कृष्ण कुमार ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। अच्छा स्वास्थ्य होगा तभी सफाई कर्मचारी अपने कार्य को बेहतर ढंग से कर पाएंगे और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में योगदान दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि वे स्वस्थ और तंदुरुस्त रह सकें।