पंचकूला-कालका। लॉकडाउन के दौरान सरकार के आदेश का उल्लंघन और ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मी से अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार लॉकडाउन के दौरान श्मशान घाट के पास पुलिस को एक वेल्डिंग की दुकान खुली मिली। इस पर पुलिसकर्मी उसे बंद करवाने गए तो दुकानदार व उसके साथियों ने पकड़ लिया। इतना ही नहीं उसकी वर्दी पकड़कर उसके साथ हाथापाई व गाली-गलौज की। जब अन्य साथी कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पुलिस ने मामले में सभी चार आरोपियों पर भारत सरकार के आदेशों की उल्लंघना करने, गाली-गलौज करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, नितिन कुमार, दीपक कुमार व रत्न सिंह सभी वासी कालका के रूप में हुई है।