पंचकूला। आईपीएल में खेले जा रहे गुजरात लायंस और लखनऊ सुपर ज्वांइट्स के प्ले ऑफ मुकाबले पर सट्टा लगाने वाले चार लोगों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी सेक्टर-7 स्थित किराये के मकान में सट्टे का कारोबार चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से 22 हजार रुपये कैश के अलावा सट्टा लिखी डायरी भी बरामद की है। आरोपियों की पहचान रोहित कुमार निवासी विजय कॉलोनी फाजिल्का, गोविंद आहूजा निवासी डोगरा मोहल्ला हिसार हाल किरायेदार सिटी एनक्लेव जीरकपुर, दिनेश्वर निवासी टोहाना जिला फतेहाबाद और रोहित भाटिया निवासी गगनदीप कॉलोनी लुधियाना के रूप में हुई।
क्राइम ब्रांच टीम सेक्टर-26 को 10 मई की रात सूचना मिली कि सेक्टर-7 स्थित एक मकान में कुछ युवक आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने का काम कर रहे हैं। इस पर एसीपी अमन कुमार ने टीम का गठन किया और छापेमारी की। पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार किया। चारों आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे थे।
यह सामान हुआ बरामद
22 हजार रुपये कैश, 3 लैपटॉप, 2 एलईडी स्क्रीन, 3 इंटरनेट डोंगल, 2 माईक्रो फोन, 1 कंप्यूटर माउस, 5 मोबाइल चार्जर, 24 मोबाइल फोन, 2 सूटकेश जिनसे 16 मोबाइल जुडे़ हुए थे, ईपीएल मैचों से जुड़ी नोटबुक और कैलकुलेटर बरामद किए गए।
ट्राइसिटी में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस टीमों ने कमर कस ली है। किसी भी प्रकार के अपराध को सहन नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील है कि अगर उन्हें किसी गैरकानूनी गतिविधि का पता चलता है तो सूचना पुलिस को दें।
- डॉ. हनीफ कुरैशी, पुलिस कमिश्नर