पिंजौर। शिव कॉलोनी में मकान से नकदी, आर्टिफिशियल जेवरात और जरूरी कागजात चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कैथल निवासी भीम सिंह के रूप में हुई है, जो फिलहाल पिंजौर की शिव कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 हजार रुपये नकद, जेवरात और जरूरी कागजात बरामद किए हैं।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता रात को किसी काम से घर से बाहर गया था। अगले दिन सुबह अलमारी की जांच करने पर नकदी और आर्टिफिशियल जेवरात गायब मिले। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को कैथल से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश कर उसका एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। इस दौरान उसके किराये के कमरे से चोरी का सामान बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी एमबीए पास है और पहले कैथल में निजी कोचिंग सेंटर चलाता था। बाद में पिंजौर में मोबाइल कंपनी में नौकरी करने लगा था, जिसे उसने करीब एक महीने पहले छोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।