चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। भाजपा झूठ के सहारे चुनावी वैतरणी को पार करने का प्रयास कर रही है। किस पार्टी के कार्यकाल में कितना विकास हुआ है, इसे बताने की जरूरत नहीं है। जनता बहुत समझदार है, वह सब कुछ जानती है। वह किसी की बातों में आने वाली नहीं है। कांग्रेस की मेयर पद की प्रत्याशी उपिंदर आहलूवालिया की कार्यप्रणाली से जनता परिचित है। उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में लगन और दक्षता के साथ जनता की सेवा की थी, इसका लाभ उनको निकाय चुनाव में मिला। यह कहना है प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन का। वह वीरवार को सेक्टर-21 मार्केट में वार्ड नंबर-13 से प्रत्याशी नवीन बंसल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस मेयर प्रत्याशी उपिंदर आहलूवालिया भी मौजूद थीं।
विकास कार्य में किसी तरह का समझौता नहीं
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने कहा कि उपिंदर आहलूवालिया का लंबा अनुभव और प्रशासनिक कर्तव्यों को निभाने की उनकी क्षमता पंचकूला नगर निगम के मेयर के लिए स्पष्ट और बेस्ट च्वाइस बनाती है। जनता उनके काम के प्रति जिम्मेदारी और निष्ठा से अच्छी तरह से अवगत है। उपिंदर आम जनता के विकास और कल्याण के कार्य में किसी तरह का कोई समझौता नहीं करती हैं। उनके द्वारा किए कार्यों के बारे में हर कोई जानता है।
जीत के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत : आहलूवालिया
कांग्रेस से मेयर पद की प्रत्याशी उपिंदर कौर आहलूवालिया ने कहा कि जीत के लिए जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। प्रचार के लिए अब हमारे पास केवल सात दिन हैं। इन दिनों में हमें 70 दिन के बराबर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सेवा करना उनके लिए पूजा की तरह है। उन्होंने कुंडी और महेश पुर गांवों में भी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों को बताया कि स्वास्थ्य और स्वच्छता में सुधार, नियमित पीने योग्य पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना, आवासीय क्षेत्र से दूर डंपिंग स्थल के स्थानांतरण, लावारिस पशुओं की समस्याओं को हल करने, झुग्गी क्षेत्रों की बेहतरी, पुलिस की गश्त और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, सार्वजनिक पार्कों व स्ट्रीट लाइटों का रख-रखाव, सड़कों का निर्माण, गांवों में वृद्धाश्रम की स्थापना, गरीबों के लिए आश्रय गृह और गांवों व सामुदायिक केंद्रों में सार्वजनिक पुस्तकालयों की स्थापना करना मुख्य एजेंडा है।