चंडीगढ़। मोहाली के सिसवां में कब्जा छुड़ाई गई 29 एकड़ पंचायती जमीन को लेकर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) पार्टी के नेताओं ने जमीन पर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता का कब्जा होने का खुलासा किया है। पीएलसी प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने दावा किया है कि पंचायती जमीन पर कब्जा करने वाले बिक्रमजीत सिंह आप नेता हैं। वह 2017 में आप की टिकट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
पंजाब की मान सरकार ने राज्य में 50 हजार एकड़ पंचायती जमीन को कब्जा मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। सरकार में पंचायती मंत्री कुलदीप धालीवाल भी घोषणा कर चुके हैं कि मई में 5 हजार एकड़ पंचायती जमीन को कब्जा मुक्त किया जाएगा। 28 अप्रैल को मोहाली से विभागीय मंत्री ने इसकी शुरुआत सिसवां फार्म के पास करोड़ों रुपये की 29 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करने के साथ कर दी है।
पीएलसी प्रवक्ता प्रितपाल सिंह ने खुलासा किया है कि कब्जा मुक्त हुई जमीन पर आप के नेता बिक्रमजीत सिंह ने कब्जा किया था। सिसवां के पास जिस पंचायत जमीन पर कब्जा छुड़ाया गया है वह आम आदमी पार्टी के नेता के ही कब्जे में थी। आप नेता तरनतारन से संबंधित हैं। वह 2016 में आप में शामिल हुए थे और 2017 में पार्टी की ओर से खेमकरण से विधानसभा प्रत्याशी भी बनाए गए थे। हालांकि वह चुनाव हार गए थे।
आप की सफाई, पार्टी में नहीं हैं बिक्रमजीत सिंह
पीएलसी के आरोपों पर आम आदमी पार्टी ने सफाई दी है। आप प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने स्वीकार किया है कि बिक्रमजीत सिंह 2017 में पार्टी की टिकट से चुनाव लड़े थे, लेकिन अब वह पार्टी में नहीं हैं। कंग ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी हो वह बख्शा नहीं जाएगा।