चंडीगढ़। पंजाब के बाद हरियाणा में भी कोरोना संक्रमण ने अचानक तेजी पकड़ ली है। यह पहले से घातक भी साबित हो रहा है। रविवार को प्रदेश में पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई, जबकि 867 नए मामले मिले हैं।
अंबाला, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में एक एक कोरोना मरीज की मौत हुई है। जबकि इन्हीं जिलों में कोरोना के अधिक नए मामले सामने आए हैं। सबसे अधिक गुरुग्राम में 181, करनाल में 142, कुरुक्षेत्र में 103, अंबाला में 75, यमुनानगर में 52, पानीपत में 41 और फरीदाबाद में 37 मामले मिले हैं। महेंद्रगढ़ और नूंह जिले में कोरोना का कोई नया पॉजिटिव केस नहीं मिला है, जबकि शेष जिलों में केस 30 से नीचे हैं।
रविवार को 337 मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी गई। प्रदेश में रिकवरी दर 98 प्रतिशत घटकर 96.98 प्रतिशत रह गई है और संक्रमण दर 4.64 प्रतिशत तक पहुंच गई है। गंभीर मरीजों की संख्या भी बढ़कर 85 तक पहुंच गई है। इनमें से 68 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 17 को वेंटिलेटर सपोर्ट दी गई है।