अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी को विकसित और सुंदर बनाने के पहले चरण की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री के ओएसडी सुखवीर सिंह और पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने 3 करोड़ 35 लाख 95 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की। इस अवसर पर मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली और स्थानीय लोग मौजूद थे।
सुखवीर सिंह और दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पहले चरण के तहत शहर के ऐतिहासिक क्रांति चौक के विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया है। इसके ऊपर 141.39 लाख रुपये की लागत आएगी। इसी प्रकार 109.48 लाख रुपये की लागत से एमसी पार्क का कायाकल्प किया जाएगा और सब्जी मंडी के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के इनडोर स्पोर्ट्स हॉल का भी उन्नयन किया जाएगा, जिसके लिए पंजाब सरकार ने 27.63 लाख रुपये जारी किए हैं। इसके साथ शहर में स्थित पटवारखाना भवन की मरम्मत और उन्नयन किया जाएगा, जिसे 57.45 लाख रुपये की लागत से तैयार कर सेवा केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा। इस सेवा केंद्र में एसडीई (जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड) का कार्यालय बनाया जाएगा। साथ ही पार्क के चौकीदार कक्ष और एमसी कार्यालय का विस्तार किया जाएगा।