पंचकूला। हर घर में नल से जल पहुंचाने और घर के प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 55 लीटर पानी उपलब्ध करवाने वाला पंचकूला प्रदेश का पहला जिला बन गया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत जिले के प्रत्येक गांव में अब नल से जल की आपूर्ति हो रही है। यह दावा शनिवार को सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने किया है। उन्होंने जल जीवन मिशन और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि अब लोगों को जल के सदुपयोग के लिए जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाना है। सरकार का काम लोगों को संसाधन उपलब्ध करवाना है, लेकिन उनका समुचित रखरखाव और सदुपयोग क्षेत्र वासियों का सामूहिक दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। इस मिशन के तहत देश के प्रत्येक घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए 2024 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पंचकूला ने एक साल पहले ही लक्ष्य किया हासिल
हरियाणा ने 2022 तक इस लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है। लेकिन, पंचकूला ने यह लक्ष्य 2021 में ही हासिल कर लिया है। पंचकूला की सभी 128 ग्राम पंचायतों के कुल 33 हजार 108 घरों में पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इसके लिए जल जीवन मिशन और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 20 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। योजना के अंतर्गत हर घर में कम से कम 55 लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से पानी उपलब्ध करवाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है। इसके अलावा 77 हजार मीटर लंबी पुरानी पाइप लाइनों की बदलने का काम चल रहा है।
विलेज वाटर एंड सीवरेज कमेटी का गठन
ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि गांवों में पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विलेज वाटर एंड सीवरेज कमेटी का गठन किया गया है। सभी 128 पंचायतों में इस कमेटी का गठन हो चुका है। पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए रामगढ़ और पिंजौर में स्थापित लैब को अपग्रेड किया गया है। इस मौके पर जिला उपायुक्त मुकेश आहूजा, जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता अशोक शर्मा, एक्सईएन विकास लाठर, जिला सलाहकार आरजू उपस्थित रहे।
टोल फ्री पर करें शिकायत, दो दिन में होगा समाधान
मोरनी का पहाड़ी क्षेत्र हो या बरवाला का समतल इलाका, पानी हर घर की आवश्यकता है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने वाला पंचकूला हरियाणा का पहला जिला बन गया है। जल आपूर्ति और गुणवत्ता को लेकर किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 पर संपर्क किया जा सकता है। उपभोक्ता अपनी शिकायत उमंग एप्लीकेशन और सरल पोर्टल पर भी भेज सकते हैं। समस्याओं का समाधान दो दिन के अंदर किया जाएगा।