संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। कालका कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के काफिले में शामिल कार में तीन फायरिंग कर दो युवकों को घायल करने के मामले में एसआईटी 20 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को दो संदिग्धों की सीसीटीवी फुटेज मिली है। पुलिस फोटो को साथ लगते शहरों की पुलिस को भेज रही है ताकी आरोपियों का पता लग सके। रायपुररानी थाना पुलिस ने गोल्डी के दोस्त दिनेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
दिनेश कार चला रहा था। पुलिस पंजाब, हिमाचल, दिल्ली और अन्य जगहों पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापा मार रही है। डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने बताया कि जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। घायल गोल्डी का उपचार पीजीआई में चल रहा है। पुलिस ने शनिवार को गोल्डी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आरोपियों को नहीं पहचानता है। पुलिस गोल्डी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच कर रही है। इसके अलावा गांव भरैली के आसपास के घरों की सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने डीजीपी को लिखा पत्र
शुक्रवार को रायपुररानी में हुए वारदात के बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा के मद्देनजर दो पीएसओ उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे पिछले काफी समय से चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन कभी भी इस तरह के हालात पैदा नहीं हुए। शुक्रवार को उनके काफिले पर हुए हमले के बाद से धमकियां आ रही हैं।