पंचकूला। ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे संक्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन ने न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों की तरफ अपना ध्यान केंद्रित कर दिया है बल्कि ग्रामीण इलाकों में सैंपलिंग के लिए दो टीमों का गठन भी किया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने ग्रामीणों से अपील की है कि सैंपलिंग के दौरान टीम का सहयोग करें। इसके लिए गांव में भी आइसोलेशन सेंटर बनाए गए हैं।
जिला उपायुक्त ने कहा है कि घर के भीतर एक कोरोना पॉजिटिव होने पर दूसरों को भी कोरोना होने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा बनाए आइसोलेशन सेंटरों में आएं और यहां पर रहें। उन्होंने कहा कि आइसोलेशन सेंटरों में इलाज के साथ ही खाने-पीने की व्यवस्था भी है और डॉक्टरों की सुविधा भी। उन्होंने कहा कि घरेलू महिलाओं को आइसोलेशन सेंटरों में जाने में संकोच हो रहा है। उनके लिए एकदम अलग व्यवस्था की गई है।
चूंकि घर की महिलाएं सारा कामकाज करती हैं ऐसी स्थिति में उनके संक्रमित होने से कोरोना फैलने की संभावना ज्यादा रहती है। पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर का कहना है कि कुछ समय से यह नजर आया है कि कोरोना ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहा है। इसलिए वहां सैपलिंग करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खांसी या जुकाम या बुखार है तो टीमों को बताएं। उन्होंने कहा कि सैंपलिंग जरूर करवा लें। पाजिटिव आने के बाद गांव में कोविड केयर सेंटर में चले जाएं। महिलाओं को भी कोविड केयर सेंटर में जाना चाहिए।