संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-15 स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को नशा मुक्ति जागरूकता एवं परामर्श सत्र आयोजित किया गया। इसमें कक्षा छह से आठवीं तक की छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
तरंग हेल्थ अलायंस संस्था की प्रतिनिधि रजनी सैनी ने संवाद आधारित सत्र के माध्यम से छात्राओं को नशे से दूर रहने, सहपाठियों के दबाव में गलत फैसले नहीं लेने और अच्छी जीवनशैली अपनाने के तरीके बताए। एल्कोहलिक्स एनोनिमस की टीम ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। असीम ने छात्राओं को नशे के नुकसान के बारे में विस्तार से बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम बेरवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि अच्छी सेहत और मजबूत इच्छाशक्ति बेहतर भविष्य की नींव हैं।