पंचकूला। विदेशी युवक ने युवती से फेसबुक पर दोस्ती करके पहले अपने प्यार के जाल में फंसाया और फिर युवती से 17 लाख रुपये ठग लिए। पंचकूला निवासी युवती की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह सरकारी बैंक में नौकरी करती है। उसे मार्च 2021 में फेसबुक पर फिन वेनहम नामक युवक ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। युवती ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली और युवक ने खुद को इंग्लैंड निवासी बताया। इसके बाद दोनों में बातें होने लगी। अप्रैल 2021 में दोनों ने व्हाट्सएप नंबर एक दूसरे के साथ शेयर किए और इसके बाद से दोनों बात करने लगे। दोनों की बातचीत के दो महीने बाद विदेशी युवक ने युवती को शादी करने के लिए कहा। दोनों ने जून, 2021 में सगाई की तारीख निर्धारित की। इसके लिए युवक ने युवती को बताया कि वह 31 मई, 2021 को भारत आ रहा है।
इसके बाद 31 मई को युवक ने युवती को फोन करके बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच चुका है और उसे कस्टम वालों ने हिरासत में ले लिया है। उसके पास भारतीय करेंसी के हिसाब से एक करोड़ 23 लाख रुपये के विदेश पौंड हैं। कस्टम वाले उसको छोड़ने के लिए फाइन भरने के लिए कह रहे हैं। आरोपी ने युवती को कस्टम ऑफिस की कर्मचारी महिला से भी फोन पर बात करवाई। इसके बाद कस्टम कर्मचारी महिला ने फाइन के तौर पर युवती से एक बैंक अकाउंट में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद कस्टम कर्मचारी महिला ने युवती को फाइन के बाद पेनाल्टी के नाम पर कई बार फोन करके कुल 17 लाख रुपये एक बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उन्होंने थोड़ी देर इंतजार करने को कहा। थोड़ी देर बाद कर्मचारी महिला का युवती को फिर फोन आया और 7.50 लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा। इस पर युवती को शक हुआ तो उसने अपने जानकारों को यह मामला बताया तो उनसे बातचीत करके पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद युवती ने तुरंत मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस को दी।