हरियाणा सरकार किसानों को 80-90 साल पुराने पेड़ों के संरक्षण के लिए सालाना पेंशन देगी। ये पौधे किसान की भूमि में लगे होने चाहिए। इसका मकसद इन पौधों को लंबे समय तक संरक्षित रखना है। हरियाणा के वन मंत्री कंवर पाल ने बुधवार को इस भावी योजना का खुलासा किया।
कंवरपाल ने कहा कि वन विभाग के पास 100 किस्म के पौधों की नर्सरी है। इस साल प्रदेश में 3.20 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। किसानों को क्लोन सफेदा के 90 लाख पौधे मुहैया करवाए जाएंगे। गत वर्ष 1100 गांवों में खाली जमीनों पर पौधे लगाए गए थे। इस साल 2200 गांवों में पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पंचायतों और ग्रामीणों का सहयोग अपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि सरस्वती वन पिहोवा और जिला नूंह के सिसोला में काफी जमीन उपलब्ध है। इनके समेत प्रदेश में 4-5 विभिन्न किस्म के पौधे लगाकर जैव विविधता को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे पशु-पक्षियों को भी लाभ होगा। फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ये पौधे किसान की भूमि की तरफ लगाए जाएंगे। शुरू में अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला जिलों में ऐसा करेंगे। प्रदेश में 40 साल से ज्यादा के सफेदे के पेड़ काटकर नई किस्म के पौधे लगाए जाएंगे।