पंचकूला। किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा ‘सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनिजम’ स्कीम के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों और मशीनों पर 40 से 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध करवाया जाएगा। इस स्कीम के अंतर्गत पंचकूला जिले में किसान श्रेणी में सामान्य लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति के विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए 31 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि किसानों को स्ट्रा बेलर, हेेरेक, श्रब मास्टर, रोटरे स्लेसर, पीटीओ आपरेटिड वीडर, ट्रैक्टर ऑपरेटिड क्रॉप रीपर कम बांइडर, लेजर लेंड लेवलर, स्ट्रा रीपर, ट्रैक्टर माउंटिड स्पेयर पंप, रीपर बांइडर, मल्टी क्रॉप प्लांटर, मेज प्लांटर, न्यूमेटिक प्लांटर, कोटन सीडस ड्रिल, ट्रैक्टर ऑपरेटिड बूम स्पेयर दिए जाएंगे। आवेदन के लिए किसान के नाम पंचकूला जिले में रजिस्टर्ड ट्रैक्टर की वैध आरसी, किसान के नाम जमीन और उसकी पटवारी रिपोर्ट, किसान का बैंक, आधार कार्ड और पैन कार्ड की आवश्यकता है। इसके अलावा मेरा फसल मेरा ब्योरा पर भी रजिस्ट्रेशन करवाना भी अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद चयन होने के उपरांत यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो आवेदन रदद् हो जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय जमीन, जाति (श्रेणी), अकाउंट डिटेल व अन्य जानकारी ध्यान पूर्वक भरें। एक किसान लाभार्थी अधिकतम 3 विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्र के लिए आवेदन कर सकता है। लक्ष्यों से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थियों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। जिन किसानों ने पिछले 4 सालों में इन कृषि यंत्रों पर अनुदान लिया है वह किसान इस स्कीम में उसी यंत्र पर आवेदन करने के लिए पात्र नहीं होंगे। 2.5 लाख रुपये से कम कीमत के कृषि यंत्रों के लिए आवेदन करने पर 2500/ तथा 2.5 लाख रुपये से अधिक तक कीमत के कृषि यंत्रों के लिए 5000/- आवेदन शुल्क जमा करवाना अनिवार्य है, जो चयन उपरांत वापस कर दिया जाएगा। यंत्रों की अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के कृषि विभाग के उप निदेशक/सहायक कृषि अभियंता पंचकूला या विभाग के कंट्रोल रूम 18001802117, 0172-2521900 पर किसी भी कार्य दिवस को सुबह 9 बजे से शाम 05 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।