पिंजौर। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर किसान काले झंडे दिखाने के लिए करीब तीन घंटे तक विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का इंतजार करते रहे परंतु वह नहीं आए। किसानों के विरोध की सूचना मिलते ही उन्होंने अमरावती एनक्लेव में आयोजित कार्यक्रम का दौरा रद्द कर दिया।
नरेंद्र सिंह जिलाध्यक्ष भाकियू, ब्लॉक प्रधान गुरजेंट सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि विधानसभा स्पीकर ने चंडीकोटला में पहुंचकर एक सड़क का उद्घाटन करने के साथ साथ अमरावती एनक्लेव में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचना है। इसलिए चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर कई किसान विधानसभा स्पीकर को काले झंडे दिखाने के लिए एकत्रित हो गए। करीब तीन घंटे के इंतजार के बाद उन्हें जानकारी मिली कि विधानसभा स्पीकर ने कार्यक्रमों में आने का दौरा रद्द कर दिया है।
उन्होंने बताया कि स्पीकर का कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होना किसानों की जीत है। जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं होते तब तक इन बीजेपी मंत्रियों का इसी तरह डटकर विरोध जारी रहेगा। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर डिटेक्टिव स्टाफ के एक अधिकारी ने किसानों के साथ उलझकर माहौल को भी खराब करने की कोशिश की। टोल प्लाजा पर किसानों के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।