तीन कृषि कानूनों को रद्द करवाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को पिंजौर, बरवाला के किसानों ने पंचकूला में ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में कालका, पिंजौर, बरवाला, मोरनी और रायुपररानी के किसान शामिल हुए।
पिंजौर और बरवाला टोल प्लाजा से करीब 300 किसान ट्रैक्टर समेत पंचकूला के नाडा साहिब के पास इकट्ठा हुए। इसके बाद किसानों ने नाडा साहिब से माजरी चौक होकर बेला विस्टा चौक, गीता चौक, सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 7, 8, 9, 10 में ट्रैक्टर रैली निकाली।
इस दौरान किसान यूनियन ने कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की। किसानों ने कहा कि कानून उनके खिलाफ है, इसे जल्द रद्द किया जाए। किसान की रैली पर पुलिस और सीआईडी ने नजर रखी थी। इस दौरान मोटरसाइकिल से भी रैली में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। पंचकूला के डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी।
बरवाला के किसान नग्गल टोल प्लाजा पर जुटे
बरवाला के गांवों से ट्रैक्टर लेकर गुरुवार सुबह आठ बजे भारतीय किसान यूनियन के नेता और किसान नग्गल टोल प्लाजा पर जुटे। टोल को फ्री रखकर सभी ट्रैक्टरों पर भारतीय किसान यूनियन के झंडे लगाए गए। इसके बाद करीब 10.30 बजे भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह और अन्य नेताओं ने ट्रैक्टर मार्च को हरी झंडी देकर रवाना किया।
नरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च में भारतीय किसान यूनियन के नेताओं, किसान संगठनों, बरवाला और रायपुररानी ब्लॉक के किसानों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा। ट्रैक्टर मार्च में कोट, मट्टावाला, बिल्ला, माणक्यां, रामगढ़ के किसानों ने भारी संख्या में शिरकत की।
ट्रैक्टर मार्च नग्गल टोल प्लाजा से शुरू होकर पंचकूला होकर नग्गल टोल प्लाजा पर ही संपन्न हुआ। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों द्वारा यह ट्रैक्टर मार्च शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया।
सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को किसी तरह ही परेशानी नहीं आने दी गई। उन्होंने बताया कि अगर सरकार ने कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया और उनकी मांगों को नहीं माना तो भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों सहित दिल्ली परेड में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
चंडी मंदिर टोल प्लाजा से निकाली ट्रैक्टर रैली
भारतीय किसान यूनियन ने कृषि कानूनों के विरोध में चंडी मंदिर टोल प्लाजा से पंचकूला की ओर ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में लगभग 100 ट्रैक्टर शामिल थे। इसके माध्यम से भाकियू ने किसानों से 23 जनवरी को दिल्ली की ओर कूच कर दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड का हिस्सा बनने की अपील की।
भाकियू ब्लॉक प्रधान कर्म सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे से टोल प्लाजा चंडी मंदिर पर पिंजौर-कालका के विभिन्न गांवों से किसान ट्रैक्टरों सहित पहुंच गए। इसके बाद करीब 12 बजे किसान अपने ट्रैक्टरों पर पंचकूला की ओर रवाना हो गए।
पंचकूला के विभिन्न सेक्टरों से होती हुई रैली चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर आकर शांतिपूर्ण संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर लगातार लंगर की सेवा चल रही है। वहीं, टोल प्लाजा से वाहनों की आवाजाही टोल फ्री है।