संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। नाजायज शराब तस्करी की सूचना पर जनकपुरी इलाके में रेड करने गई एक्साइज टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में तीन कर्मचारी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस मुलाजिम की वर्दी भी फाड़ डाली। मारपीट में घायल दो कर्मियों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहीं, घायल पुलिस मुलाजिम सुखदेव सिंह ने सिविल अस्पताल में इलाज कराया। घटना की सूचना पाकर थाना डिवीजन दो की पुलिस के साथ-साथ चौकी जनकपुरी की टीम मौके पर पहुंची गई। पुलिस ने इस मामले में इलाके के फरियाद आलम, गबरू, तनवीर आलम, सब्जी विक्रेता विकास, अफरोज आलम और अशरफ अली के साथ-साथ कई लोगों के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मुलाजिम सुखदेव सिंह के अनुसार एक्साइज विभाग की टीम को सूचना थी कि जनकपुरी इलाके में नाजायज शराब बिकती है। टीम के अधिकारियों, कर्मचारी सन्नी और सूफियान के साथ वे वहां रेड करने गए। वहां टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। घायल सन्नी और सूफियान को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सुखदेव ने बताया कि उसे इजाल के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सुखदेव ने कहा कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी वर्दी तक फाड़ दी। थाना डिवीजन दो के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।