पांच खिलाड़ी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
अंतर महाविद्यालय छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में करेंगी प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-1 की छात्राओं ने वॉलीबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 15 से 17 सितंबर तक आयोजित अंतर महाविद्यालय छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। टीम की 14 सदस्यीय टीम में से पांच खिलाड़ियों का चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम के लिए अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
चयनित खिलाड़ियों में अल्पना, सवेरा, स्वाति, रिया त्रिपाठी और जैस्मीन कौर शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने टीम को बधाई दी। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और अनुशासन की सराहना
डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की भी सराहना की और खिलाड़ियों को भविष्य में इसी लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।