कोट-बिल्ला के बीच उखड़ी सड़क, टू-व्हीलर चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर गांव कोर्ट और बिल्ला के बीच पिछले तीन-चार सप्ताह से की गई सड़क खुदाई के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। सड़क को अब तक दुरुस्त नहीं किया गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले इस मार्ग को वन-वे कर दिया गया था, लेकिन खबर प्रकाशित होने के बाद इसे दोनों तरफ से खोल दिया गया। इसके बावजूद टू-व्हीलर चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बना हुआ है। सड़क पर उखड़े हिस्से के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं और कई चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं। करीब 100 से 200 मीटर का यह हिस्सा ‘मौत का रास्ता’ बना हुआ है।
वीरवार देर रात करनाल से ट्रक चालक रंजीत मुर्गियां लेकर आ रहा था। इस दौरान उक्त स्थान पर उसके आगे चल रहे बाइक चालक को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि चालक और उसके साथ बैठा युवक सुरक्षित बच गए, लेकिन हादसे में बड़ी संख्या में मुर्गियां मर गईं और सड़क पर बिखर गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।