बसपा पंचकूला ने गांव नग्गल में बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के प्रखर प्रयास और दूर दृष्टि से राष्ट्र को एक ऐसा सशक्त संविधान मिला है, जो विश्व पटल पर अपनी अनूठी छाप छोड़ता है। समाज के वंचित वर्गों को मुख्य धारा में लाने के लिए किया गया उनका संघर्ष हर पीढ़ी के लिए एक मिसाल है। उक्त विचार बहुजन समाज पार्टी के जिला शहरी अध्यक्ष अनिल पंगोत्रा और पंचकूला जिला प्रभारी पवन सिंह रंधावा ने व्यक्त किए।
वह सोमवार को गांव नग्गल में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की 65वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित लोगों को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन बसपा जिला पंचकूला इकाई द्वारा किया गया था। अनिल पंगोत्रा और पवन सिंह रंधावा ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब ने समाज के उत्थान के लिए काफी संघर्ष किया। उन्होंने कभी भी किसी धर्म, जाति के लोगों के साथ भेदभाव नहीं किया।
उनके इसी विचारधारा को आगे बढ़ाकर हर किसी को समाज और देश हित के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने को ऊपर उठाने के लिए तो हर कोई मेहनत करता है, लेकिन जो दूसरों की भलाई के लिए परिश्रम करे उसी का जीवन सफल है। श्रद्धांजलि समारोह की अध्यक्षता मोहन लाल ने की। इस मौके पर जिला जोन प्रभारी संत लाल, हरदेव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राम स्वरूप, राजकुमार, रामायण प्रसाद, करनैल सिंह माणक्या, सरदार केहर सिंह, शेर सिंह के अलावा अनेक महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पंचकूला जिला प्रभारी पवन सिंह रंधावा ने समारोह में आए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव आंबेडकर एवं पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं। इस दौरान गांव नग्गल में बूथ कमेटी का भी गठन किया गया। जिला शहरी अध्यक्ष अनिल पंगोत्रा ने कहा कि बसपा की मजबूती के लिए आने वाले समय में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।