पंचकूला। सीनियर सिटीजन काउंसिल की ओर से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। समारोह में ज्ञानचंद गुप्ता स्पीकर हरियाणा विधानसभा ने मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। काउंसिल के अध्यक्ष आरपी मल्होत्रा ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया और फाइनेंस सेक्रेटरी एनके शर्मा ने राठी का स्वागत किया।
अध्यक्ष आरपी मल्होत्रा ने स्पीकर के सामने बुजुर्गों से हो रहे दुर्व्यवहार और प्रताड़ना के बारे में बताते हुए नेशनल कमीशन फार सीनियर सिटीजन की मांग की। उन्होंने घरेलू कलह से दुखी बुजुर्गों के लिए छोटी-छोटी आबादी के लिए चौपाल एरिया की मांग की ताकि बुजुर्ग एक दूसरे से बात करके अपना दुख भुला सकें।
मल्होत्रा ने असंगठित वर्ग से सेवानिवृत्त बुजुर्गों के लिए मांग की कि उनको आयुष्मान भारत स्कीम के अंतर्गत लाभ मिले और साठ साल के ऊपर हर बुजुर्ग को इस स्कीम के तहत लाया जाए। मल्होत्रा ने बैंकों के घटते ब्याज दरों के मद्देनजर बुजुर्गों के लिए एक सेविंग बांड स्कीम लाने की मांग रखी ताकि बुजुर्ग अपनी बचत रकम के ब्याज से गुजर बसर कर सकें।
स्पीकर ने की दस लाख रुपये की मदद की घोषणा
मल्होत्रा ने स्पीकर के आगे काउंसिल भवन के बचे काम को पूरे करने के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस दौरान ज्ञानचंद गुप्ता ने सरकारी कोष से दस लाख की मदद की घोषणा की। अध्यक्ष आरपी मल्होत्रा ने स्पीकर का और जनरल सेक्रेटरी अशोक गुप्ता ने रीचा राठी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर काउंसिल के उपाध्यक्ष केके मक्कड़ और सेक्रेटरी सुरेश गुप्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एच सी गेरा ने किया।