कब्जा हटाती जेसीबी मशीन। फोटो कर्मचंद
पीएमडीए, बिजली विभाग और पुलिस के 200 से ज्यादा ऑफिसर-कर्मचारी रहे तैनात, आठ घंटे चली कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। श्री माता मनसा देवी कॉम्प्लेक्स सेक्टर-5 पंचकूला-चंडीगढ़ बार्डर के पास रोजा शरीफ नौ गजा पीर में पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमडीए) ने अपनी जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान पीएमडीए, बिजली विभाग और पुलिस के 200 से ज्यादा ऑफिसर-कर्मचारी तैनात रहे। कार्रवाई सुबह नौ बजे से शाम 5 बजे तक चली।
पीएमडीए की टीम सुबह नौ बजे रोजा शरीफ नौ गजा पीर के पास पहुंची और पदाधिकारियोंं से सामान हटाने को कहा। इसके बाद टीम ने जेसीबी बुलाई। नौ गजा पीर कुल छह मरले की जगह में था लेकिन कब्जा 15 मरले तक कर लिया गया। टीम ने नौ मरले जगह का लिंटर, गेट और अवैध बनाई इमारत को तोड़ दिया। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से आठ घंटे तक चली।
पीएमडीए के अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पीर की ओर से पदाधिकारी हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने अवैध अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद इसका पालन किया गया है। नौ मरला कब्जा की गई जमीन खाली करा ली गई है। पंचकूला पुलिस की दो कंपनियां सुबह नौ बजे से तैनात रहीं। इस दौरान जाम के हालात भी बने। कई बार पुलिस की टीम ने जाम हटवाया।
कोट -
पंचकूला में जहां भी धार्मिक स्थल के नाम पर अवैध कब्जा किया गया है उन जगहों को चिह्नित किया जा चुका है। अवैध अतिक्रमण किए गए धार्मिक स्थलों को तोड़ा जाएगा। अगर कब्जाधारी खुद कब्जा हटा लें तो टीम नहीं आएगी। अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो पीएमडीए की टीम अतिक्रमण हटाएगी।
-संजय नारंग, डिस्टि्रक टाउन प्लानर, पीएमडीए