पंचकूला। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रांगण में मंगलवार को रोजगार दरबार करवाया गया। जिला रोजगार कार्यालय पंचकूला की ओर से आयोजित रोजगार दरबार में 21 से 35 वर्ष की आयु के स्नातक पास युवाओं ने भाग लिया।
कोटक महिंद्रा बैंक से रजत देसाई और संजीव शर्मा ने रोजगारोन्मुख युवाओं का साक्षात्कार लेकर 14 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया। जिला रोजगार अधिकारी ममता बूरा ने बताया कि रोजगार विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर प्रार्थी पूरे हरियाणा राज्य के विभिन्न रोजगार कार्यालयों की ओर से आयोजित किसी भी ऑनलाइन जॉब फेयर में भाग ले सकते हैं।
17 सितंबर शुक्रवार को सुबह 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय पंचकूला के प्रांगण में व्यवसायिक मार्गदर्शन शिविर लगाया जाएगा। इसमें 12वीं व स्नातक पास प्रार्थियों को उनकी रुचि व योग्यतानुसार शिक्षा, रोजगार, स्व-रोजगार अथवा कौशल प्रशिक्षण की जानकारी दी जाएगी। शिविर में भाग लेने के लिए कोई भी व्यक्ति रोजगार विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर निश्चित तिथि व स्थान पर आ सकते हैं।