चंडीगढ़। सर्व कर्मचारी संघ (सकसं) हरियाणा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बिना किसी देरी के कर्मचारियों और पेंशनर के डीए में 11 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का आग्रह किया है। सकसं ने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जल्द इसके आदेश जारी करें। 18 महीने के डीए का बकाया भी दिया जाए। संघ ने उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सकसं ने जनवरी 2020 से जून 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभों (ग्रेच्युटी और लीव एनकेशमेंट) पर केंद्र सरकार की तरफ से बहाल किए गए डीए को प्रदान करने की मांग की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व महासचिव सतीश सेठी ने कहा कि अगर सरकार ने 24 जुलाई तक डीए बहाली के आदेश जारी नहीं किए तो 25 जुलाई को केंद्रीय कमेटी की बैठक आयोजित कर आंदोलन का एलान कर दिया जाएगा। आंदोलन में पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मियों को पक्का करने, समान काम-समान वेतन, सेवा सुरक्षा, खाली पड़े लाखों पदों को पक्की भर्ती से भर बेरोजगारों को रोजगार व महंगाई पर रोक लगाने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।
लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार के 14 जुलाई को डीए बहाल करने के बावजूद हरियाणा सरकार अभी तक चुप्पी साधे हुए है। गठबंधन सरकार को बिना देरी किए केरल की तर्ज पर बकाया रकम पेंशनर्ज को नगद व कर्मचारियों के खाते में जमा करवाने के आदेश जारी करने चाहिए। मुख्यमंत्री से उनका अनुरोध है कि कर्मचारियों, पेंशनर के मामले में सहानुभूति से निर्णय लें।